लैलूंगा। रायगढ़ जिले के विकासखण्ड लैलूंगा अंतर्गत ग्राम पंचायत कटकलिया में नव युवक मित्र समिति कटकलिया के तत्वावधान में 43वां सार्वजनिक शारदा पूजन समारोह 2026 श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इसी अवसर पर तृतीय वर्ष शारदा सीरीज महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 24 जनवरी 2026 से 26 जनवरी 2026 तक किया गया।
तीन दिवसीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में क्षेत्र सहित अन्य जिलों की कई प्रतिभावान टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक चक्रधर सिदार रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में ऐसे आयोजनों से छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हाई स्कूल कटकलिया एवं बिलासपुर की टीम के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए हाई स्कूल कटकलिया की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बिलासपुर की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं महासमुंद की टीम ने तृतीय स्थान एवं होरोगुडा की टीम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य यशोमती सिदार रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत कटकलिया की सरपंच सुशिला सिदार ने की। कार्यक्रम में लैलूंगा थाना प्रभारी गीरधारी साव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
