सारंगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के कुशल नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम कंचनपुर बैरियर के पास घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 5 किलो 155 ग्राम अवैध गांजा एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते रायगढ़ की ओर गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया ने टीम गठित कर कंचनपुर बैरियर के पास घेराबंदी कराई। कुछ ही देर में टीवीएस अपाचे राइडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AX-2054 पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के बीच रखे नीले रंग के पिट्ठू बैग से प्लास्टिक टेप से लिपटे 5 पैकेट गांजा, कुल वजन 5 किलो 155 ग्राम, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है, बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम देवेन्द्र भट (20 वर्ष) निवासी बजरंगपारा, थाना जूटमिल, रायगढ़ तथा अजय गिरी गोस्वामी (19 वर्ष) निवासी गेरवानी, थाना पूंजीपथरा, रायगढ़ बताया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पीएसआई गजेन्द्र चन्द्राकर, सउनि मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक मुकेश कश्यप, दिगम्बर पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, नर्मदा यादव तथा साइबर सेल सारंगढ़ के आरक्षक कृष्णा डनसेना की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है।
